फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्वालियर: 20% ब्याज के चक्कर में कर्जदारों ने की हत्या, मंदिर में खाई थी कसम; 72 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार

Sat, 17 Oct 2026 08:29 PM IST
ग्वालियर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर

झांसी रोड थाना क्षेत्र के छोटी मढ़ैया गांव में 35 वर्षीय पुरुषोत्तम गुर्जर की हत्या के मामले का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ब्याज के पैसों को लेकर चल रहे विवाद और कथित बेइज्जती से परेशान होकर पुरुषोत्तम की हत्या की साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने से तीन दिन पहले आरोपियों ने मंदिर में हत्या की कसम खाई थी। पिपरौली स्थित छोटी मढ़ैया गांव में पुरुषोत्तम गुर्जर का शव घर से करीब 200 मीटर दूर भागीरथ के खेत में पड़ा मिला था। उसके गले और शरीर पर कुल्हाड़ी के 4 से 5 गहरे घाव थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि पुरुषोत्तम खेती और दूध बेचने के साथ ब्याज पर पैसे देने का काम भी करता था। उसने गांव के चार युवकों को 20 फीसदी मासिक ब्याज की दर से लाखों रुपये उधार दिए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर लगातार ब्याज चुकाने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि पुरुषोत्तम कर्जदारों से गाली-गलौज भी करता था और सार्वजनिक रूप से उन्हें बेइज्जत करता था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर रमन गुर्जर, राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल गुर्जर और विजय उर्फ खैरी गुर्जर ने हत्या की योजना बनाई। तीन दिन पहले छोटी मढ़ैया के चबूतरे पर चारों ने बैठकर साजिश रची और मंदिर में कसम खाई कि पुरुषोत्तम को रास्ते से हटा देंगे।

ये भी पढ़ें- जीजा बना जल्लाद: पत्नी व ससुर को थप्पड़ मारे, बीच-बचाव करने गए साले की गुप्तांग पर लात मारकर की हत्या

वारदात वाली रात पुरुषोत्तम के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन पर उसकी कहासुनी भी हुई। रात करीब 1 बजे आरोपी रमन ने घर के बाहर खाट पर सो रहे पुरुषोत्तम को ब्याज के पैसे देने और हिसाब करने के बहाने जगाया। इसके बाद उसे खेत की तरफ ले जाया गया।पुलिस के अनुसार, खेत में पहले से मौजूद तीन अन्य आरोपियों के साथ मिलकर चारों ने कुल्हाड़ी से पुरुषोत्तम पर हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के समय पुरुषोत्तम की पत्नी रेखा गुर्जर अपने भाई की एक्सीडेंट में मौत के बाद मायके पृथ्वीपुरा तिघरा गई हुई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रमन गुर्जर (24), राधाकृष्ण गुर्जर (30), छोटू उर्फ राहुल गुर्जर (23) और विजय उर्फ खैरी गुर्जर (28) शामिल हैं। पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें