फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छिंदवाड़ा: पिता ने बेटे के सिर पर पटिया मारकर उतारा मौत के घाट, शराब के लिए पैसे मांगने पर हुआ था विवाद

Sat, 24 Oct 2026 10:36 PM IST
छिंदवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा

शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर हुए विवाद में एक पिता ने अपने ही बेटे के सिर पर लकड़ी की पटिया से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बेटे की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने बेटे को गद्दे पर लिटाया और खुद खेत चला गया। मोहखेड़ थाना क्षेत्र के ग्राम कामठी में 28 सितंबर को हुई इस घटना की गुत्थी पुलिस ने तीन दिन में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मृतक के 65 वर्षीय पिता मेहताप राऊत को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी की पटिया जब्त की है।

कमरे में गद्दे पर पड़ा मिला था शव
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को मेहताप राऊत ने बेटे कमलेश (44) को कमरे में गद्दे पर मृत अवस्था में पड़ा देखा था। कमलेश के सिर के दाहिने हिस्से में चोट थी और खून निकल रहा था। सिर के ऊपरी हिस्से और गले पर भी खरोंच के निशान थे। दोनों कानों से खून निकलने के निशान भी मिले थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

ये भी पढ़ें- एसडीएम कोर्ट परिसर में किसान को महिलाओं ने चप्पलों से पीटा, जमीन विवाद की शिकायत करने से थीं नाराज

घटनास्थल का निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचनामा और परिजनों व गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस को पता चला कि कमलेश की मौत 28 सितंबर को दोपहर 12:30 से शाम 4:50 बजे के बीच हुई थी। जांच में उसके गले पर दबाव डालने और सिर पर किसी ठोस वस्तु से वार किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।

घर में अक्सर होता था विवाद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सुनील कुमार बरकड़े के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील उइके ने टीम के साथ जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। इस दौरान घर के सदस्यों के बीच अक्सर विवाद होने की जानकारी मिली। संदेह के आधार पर मृतक के पिता मेहताप राऊत से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना के संबंध में जानकारी दी और अपना अपराध स्वीकार किया।

शराब पीकर आया, पैसों को लेकर झगड़ा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि 28 सितंबर को सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच कमलेश शराब पीकर घर आया था। वह पैसे मांगने लगा और इसी बात पर गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। समझाने के बाद भी जब विवाद नहीं थमा तो आरोपी ने लकड़ी की पटिया से कमलेश के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद धक्का-मुक्की के दौरान कमलेश बेडरूम में पलंग की पेटी के सिरहाने लगे एंगल से टकराकर जमीन पर गिर गया। उसके शरीर में हलचल नहीं होने पर आरोपी ने उसे गद्दे पर लिटा दिया और फिर खेत चला गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घटना के साक्ष्य छिपाने का भी प्रयास किया।

वारदात में इस्तेमाल पटिया जब्त
पुलिस ने आरोपी मेहताप पिता रूपू राऊत (65), निवासी ग्राम कामठी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी की पटिया जब्त की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें