इको गार्डन में साधन समिति सचिव परिषद, उत्तर प्रदेश की ओर से बी-पैक्स में कार्यरत कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया। संगठन ने आयुक्त एवं निबंधक (सहकारिता) को ज्ञापन सौंपकर कैडर सचिवों, प्रभारी/नॉन कैडर सचिवों, आंकिकों, लिपिकों, विक्रेताओं, सहयोगियों और चौकीदारों की समस्याओं के समाधान की मांग की। बी-पैक्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयवीर सिंह चौहान ने बताया कि लंबे समय से वेतन लंबित होने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राजकीय सहायता के माध्यम से अन्य विभागों की तर्ज पर समान वेतनमान और सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की घोषणा की है। इसके तहत 22 सितंबर से 5 अक्टूबर तक काली पट्टी बांधकर काम किया जाएगा। इसके बाद 1 से 5 नवंबर 2026 तक पूर्ण हड़ताल और तालाबंदी की चेतावनी दी गई है। संगठन ने अधिकारियों से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।