ट्रामा सेंटर में मरीजों को बेहतर इलाज और सुरक्षित जीवन देने की व्यवस्था की जाती है, लेकिन इसके विस्तार कार्य में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही सामने आ रही है। निर्माण स्थल पर मजदूर बिना सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम करते नजर आ रहे हैं। न हेलमेट, न सुरक्षा बेल्ट और न ही हादसों से बचाव के पर्याप्त इंतजाम। ऐसे में मजदूरों की जान जोखिम में डालकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। विडंबना यह है कि जिस ट्रामा सेंटर में ऊंचाई से गिरकर घायल होने वाले लोगों का इलाज किया जाता है, उसी परिसर में मजदूरों को संभावित हादसों से बचाने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसे में ट्रामा सेंटर के विस्तार कार्य में सुरक्षा व्यवस्था की जांच और मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की जरूरत है।