मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गुरुवार को लखनऊ में AJP पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ता दारुल सफा से जन भवन की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे जाने से रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और ईवीएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। हाथों में तकिए लेकर किया प्रदर्शन प्रदर्शन के दौरान AJP कार्यकर्ता हाथों में तकिए लेकर पहुंचे। उन्होंने ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और ‘ईवीएम हटाओ, बैलेट पेपर लाओ’ जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर भी ले रखे थे, जिन पर ईवीएम के विरोध में नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग को लेकर भी नारेबाजी की। पोस्टरों पर ‘गली-गली में शोर है, ईवीएम मशीन चोर है’ जैसे नारे लिखे थे। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोका AJP कार्यकर्ताओं के जन भवन की ओर बढ़ने के दौरान पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर दी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान मौके पर नारेबाजी जारी रही। प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव प्रक्रिया को लेकर पार्टी के विरोध के रूप में किया गया।