लखनऊ में पारा के मोहानरोड स्थित वर्मा हॉस्पिटल में शनिवार को 50 वर्षीय महिला की ऑपरेशन के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान जमुना देवी के रूप में हुई है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर नाराजगी जताई और डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के मुताबिक, जमुना देवी को पथरी की समस्या के इलाज के लिए बीते बृहस्पतिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने बताया खानपान या सामान्य स्वास्थ्य से जुड़ी कोई गंभीर परेशानी नहीं थी। आरोप है कि सरकारी स्वास्थ्य कार्ड के तहत इलाज किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन इससे पहले करीब आठ हजार रुपये की जांच भी कराई गई। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने अस्पताल प्रबंधन और इलाज करने वाले डॉक्टरों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। परिजनों ने महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।