सालेह नगर निवासी ई-रिक्शा चालक बबलू (32) की शनिवार रात घर के कनेक्शन से रिक्शा की बैटरी चार्ज करते समय करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। रविवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी बिट्टो के मुताबिक, बबलू शनिवार रात करीब नौ बजे घर पहुंचे थे। वह ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज कर रहे थे, तभी जर्जर तारों में उतरे करंट की चपेट में आ गए। पति को बचाने के प्रयास में बिट्टो भी करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। शोर सुनकर मोहल्ले की एक महिला ने दौड़कर तार नोच दिया, जिससे बिट्टो की जान बच गई। परिजन बबलू को रात में ही निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिट्टो ने बताया कि ससुर लकवाग्रस्त और सास मानसिक रूप से बीमार हैं। बबलू ही परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनके तीन छोटे बच्चे आशिक, विजय और मानवी हैं। पति की मौत के बाद बच्चों के पालन-पोषण की चिंता सताने लगी है। इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।