नगर निगम के जोन-4 कार्यालय पर शुक्रवार को पटरी दुकानदारों और व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। चिनहट प्रथम वार्ड के पार्षद अरुण कुमार राय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में चिनहट क्षेत्र के व्यापारी और पटरी दुकानदार गोमतीनगर स्थित जोन कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान दुकानदारों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने जोन-4 की जोनल अधिकारी को निलंबित करने की मांग उठाई। धरने के चलते जोन कार्यालय परिसर में काफी संख्या में व्यापारी और पटरी दुकानदार मौजूद रहे।