लखनऊ के गऊ घाट पर गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घाट पर लगा पीपे वाला पुल पहले ही हटाया जा चुका है। अब नदी का पानी घाट से आगे बढ़कर बंधे के ऊपर आने वाले रास्ते तक पहुंच गया है। इसके बावजूद दाऊद नगर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए नाव से नदी पार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दो दिन पहले नदी में मगरमच्छ दिखाई दिया था। वहीं, कल एक बच्चे के डूबने की घटना भी सामने आई। इन घटनाओं के बाद भी लोग नाव के सहारे नदी के एक छोर से दूसरे छोर तक आने-जाने को मजबूर हैं। नाव से नदी पार कर आए एक युवक ने बताया कि उसका पूरा घर पानी में डूब गया है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए स्कूल के पास ही किराये पर कमरा लेकर रह रहे हैं। ऐसे में परिवार की जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई के लिए आना-जाना जरूरी है। राजेश ने बताया कि घरवालों ने उन्हें नदी में मगरमच्छ दिखाई देने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में भी गोमती का जलस्तर इससे अधिक बढ़ा था। जलस्तर बढ़ने, मगरमच्छ दिखने की सूचना और बच्चे के डूबने की घटना के बीच नाव से आवाजाही कर रहे लोगों की सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है।