माल। कोलवा गांव में शुक्रवार रात छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर किसान जागेश्वर के घर से करीब छह लाख रुपये के जेवर और नौ हजार रुपये चोरी कर ले गए। निजी कम्पनी में काम करने वाले जागेश्वर के बेटे दीपचंद के मुताबिक, उनके दो मकान अगल बगल में हैं। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद वह एक मकान में ताला बंद कर परिवार सहित दूसरे मकान में सोने चले गए। शनिवार सुबह उनकी मां शिवरानी घर की सफाई करने गईं तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दूसरे मकान की छत के रास्ते अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा तो कमरे का ताला टूटा हुआ था। दो बक्सों के ताले भी टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। बक्सों में रखे मां शिवरानी, पत्नी सरस्वती और छोटे भाई की पत्नी नेहा के जेवर व नकदी गायब थी। डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि पीड़ित ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।