अभिनेता अरुण बख्शी ने कहा कि हंगर फ्री भारत और आरसीएल-रेस्टोरेंट क्रिकेट लीग के माध्यम से भूख और भोजन की बर्बादी के खिलाफ शुरू की गई पहल को सरकारी स्तर पर सहयोग मिलने से बड़ा बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को जब इस अभियान की जानकारी दी गई तो उन्होंने न सिर्फ मिलने का समय दिया, बल्कि इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए सरकार की ओर से समर्थन का भरोसा भी दिलाया। ताज होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में अरुण बख्शी ने कहा कि उनका प्रयास जल्द मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अभियान की जानकारी देने का है। इसके बाद वह प्रधानमंत्री से भी मिलकर समर्थन और सहयोग का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहन मिलने से देश में हो रही भोजन की बर्बादी को रोकने और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने की मुहिम को मजबूती मिलेगी। प्रेस वार्ता के दौरान अरुण बख्शी ने अपने चर्चित गीत ‘तुन्ना तुन्ना ता ता तुन्ना’ की कुछ पंक्तियां भी गुनगुनाईं। कार्यक्रम में वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद, अभिनेता अवतार गिल, हंगर फ्री भारत एवं आरसीएल के संस्थापक अरविंद कुमार और भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम की प्रतिनिधि भी मौजूद रहीं।