नियोजन (अर्थ एवं संख्या प्रभाग) आउटसोर्सिंग कर्मचारी एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के बैनर तले संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारी सोमवार को 50वें दिन भी इको गार्डन में धरने पर बैठे रहे। करीब 700 कर्मचारियों को एक जुलाई 2026 से सेवा से हटाए जाने के विरोध में कर्मचारी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि सभी कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल बहाल की जाएं। संगठन के अध्यक्ष अमित राजभर और महामंत्री सुग्रीव कुमार ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र के मुताबिक, ये कर्मचारी पिछले एक वर्ष से पीएलएफएस और एएसयूएसई सर्वेक्षण का काम कर रहे थे। एसोसिएशन का दावा है कि कर्मचारियों का कार्य संतोषजनक रहा, लेकिन निदेशक ने अचानक यह काम हटाकर नियमित कर्मचारियों के सहायक सांख्यिकी अधिकारियों को सौंप दिया। इससे करीब 700 कर्मचारी बेरोजगार हो गए और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि विभाग में परियोजनाएं और बजट उपलब्ध होने के बावजूद कर्मचारियों को सेवा से हटाया गया है। ऐसे में उनकी सेवाएं तत्काल बहाल की जाएं, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।