इको गार्डन में एएनएम संविदा संघ उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेश में कार्यरत करीब 15 हजार संविदा एएनएम स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। संघ ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजकर अपनी मांगें रखीं। प्रदेश संयोजिका प्रेमलता पांडे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में रिजवी कमेटी की सिफारिशें लागू कर ‘समान कार्य, समान वेतन’ देने और न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह तय करने की मांग की गई। संघ ने ओवरएज हो चुके संविदा एएनएम को आयु सीमा में छूट देकर नियमित करने और 3 से 7 वर्ष के अनुभव के आधार पर नियुक्ति में प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा गृह जनपद स्थानांतरण, पीईटी परीक्षा से छूट और राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग रखी गई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।