संवाद न्यूज एजेंसी तालबेहट। क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री के विरोध में महिलाएं सड़क पर उतर आईं। शनिवार को ग्राम एवनी में महिलाओं ने कथित तौर पर अवैध शराब बेचने वाली महिला के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग में हलचल मच गई। वायरल वीडियो में महिलाएं शराब की बिक्री का विरोध करती नजर आ रही हैं। एक महिला झोपड़ी में आग लगाने की धमकी देती दिख रही है, जबकि दूसरी महिला घड़े से पानी डालती नजर आ रही है। एक अन्य वीडियो में महिलाएं और बच्चे सड़क पर शराब की पन्नियां फोड़ते दिखाई दे रहे हैं। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि शराब की वजह से उनके परिवारों में विवाद बढ़ रहे हैं। मजदूरी कर घर चलाने वाली महिलाओं का कहना है कि पुरुष मेहनत की कमाई शराब पर खर्च कर देते हैं, जिससे परिवारों को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ती है। महिलाओं ने शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। वायरल वीडियो से विभागों में हलचल वीडियो सामने आने के बाद अवैध शराब की बिक्री को लेकर संबंधित विभागों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है