फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरदार पटेल की जयंती पर झांसी मंडल ने निकाली रन फॉर यूनिटी

झांसी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट्स एवं गाइड्स, आरपीएफ जवानों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व और सरदार पटेल के योगदान पर प्रकाश डालकर की। उन्होंने कहा कि देशी रियासतों के एकीकरण और अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उनका दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इसके बाद डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। डीआरएम के नेतृत्व में निकाली रन फॉर यूनिटी राष्ट्रीय एकता दिवस पर डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। दौड़ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से शुरू होकर सीनियर इंस्टीट्यूट के रास्ते मंडल रेल चिकित्सालय परिसर में संपन्न हुई। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्काउट्स एवं गाइड्स, आरपीएफ जवानों और बच्चों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से एकता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता से देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राष्ट्रीय एकता दिवस उनके आदर्शों को आत्मसात करने और देश की एकता एवं संप्रभुता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। भारतीय रेल देश के विभिन्न क्षेत्रों, भाषाओं और संस्कृतियों को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी है। सभी को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं मंडल खेलकूद अधिकारी नंदीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव, सीमा तिवारी सहित मंडल के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोग उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें