संवाद न्यूज एजेंसी रक्सा (झांसी)। गुड़ खाने के चक्कर में एक आवारा कुत्ते की जान आफत में पड़ गई। पुनावली रोड पर गुड़ से भरे प्लास्टिक के डिब्बे में कुत्ते का सिर फंस गया। करीब एक घंटे तक वह छटपटाता रहा। आखिरकार ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए डिब्बे को काटकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, पुनावली रोड पर एक स्थान पर प्लास्टिक के डिब्बे में गुड़ रखा हुआ था। गुड़ की महक से आकर्षित होकर कुत्ते ने डिब्बे में मुंह डाल दिया और गुड़ खाने लगा। इसी दौरान उसका सिर डिब्बे में फंस गया। काफी कोशिश के बाद भी जब वह सिर बाहर नहीं निकाल सका तो घबराकर इधर-उधर दौड़ने लगा। कुत्ते को तड़पता देख स्थानीय ग्रामीण पंकज राय मदद के लिए आगे आए। उन्होंने अन्य ग्रामीणों को भी बुलाया। घबराहट के कारण कुत्ता किसी को पास नहीं आने दे रहा था। ऐसे में ग्रामीणों ने धैर्य और सावधानी से उसे काबू में किया। इसके बाद प्लास्टिक के डिब्बे को काटकर सिर से अलग किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कुत्ते को राहत मिली। डिब्बा निकलते ही वह वहां से भाग गया। ग्रामीणों की इस पहल की कस्बे में सराहना हो रही है। घटना ने खुले में फेंके जाने वाले प्लास्टिक के डिब्बों से बेजुबान जानवरों को होने वाले खतरे की ओर भी ध्यान खींचा है।