संवाद न्यूज एजेंसी बालावेहट। शारदीय नवरात्र के द्वितीय दिवस मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत सोमवार सुबह महिला सशक्तीकरण एवं जागरूकता रैली निकाली गई। थाना अध्यक्ष महेंद्र कुमार पाल ने मुलायम सिंह बालिका हाईस्कूल से रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। थाना अध्यक्ष महेंद्र कुमार पाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सरकार की ओर से संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। रैली में उपनिरीक्षक शिवनाथ सिंह, दीवान हरनारायण, ग्राम प्रधान दौलत राम साहू, लाखन सिंह यादव, प्रधानाचार्य हरिराम यादव, संजू जैन, बब्बू श्रीवास, शिक्षक राजकुमार यादव, महिला कांस्टेबल सहित पुलिस बल मौजूद रहा।