फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू: पौनी डिग्री कॉलेज में सुविधाओं की कमी पर एबीवीपी का आक्रोश, बोली- एक सप्ताह में समाधान करो

गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज पौनी में विद्यार्थियों को पेश आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने कॉलेज प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है। एबीवीपी नगर मंत्री प्रदीप शर्मा और गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज की अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने कहा कि कॉलेज की इमारत बने करीब तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन विद्यार्थियों को अभी भी कई मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज परिसर में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और अभी तक विद्यार्थियों के लिए पानी का नल तक नहीं लगाया गया है। वहीं, कॉलेज तक पहुंचने के लिए बरसात के दौरान नाले को पार करना विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है। नाले पर पुलिया बनाई गई है, लेकिन तेज बारिश के दौरान पानी का बहाव बढ़ जाने से विद्यार्थियों को कई घंटों तक पानी का स्तर कम होने का इंतजार करना पड़ता है। इसके बाद भी कई विद्यार्थी जान जोखिम में डालकर कॉलेज पहुंचने को मजबूर होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस दौरान किसी विद्यार्थी के साथ कोई अप्रिय घटना होती है या जान-माल का नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। उन्होंने कॉलेज आने-जाने के लिए विद्यार्थियों को बस सुविधा उपलब्ध करवाने की भी मांग की। उनका कहना है कि पर्याप्त परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को वाहनों में खड़े होकर सफर करना पड़ता है, जबकि कई बार उन्हें वाहन भी उपलब्ध नहीं हो पाते। एबीवीपी पदाधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों ने इन समस्याओं को लेकर कॉलेज के प्रिंसिपल से मुलाकात की है। खासतौर पर पेयजल की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर हल करने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से बोरवेल के लिए जल्द काम शुरू करने की बात कही गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बोरवेल का काम शुरू नहीं किया गया और विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो विद्यार्थी एबीवीपी के बैनर तले सड़क जाम कर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें