जम्मू क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग की ओर से कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसी दिशा में जम्मू क्षेत्र में तीन ट्रेल को स्वीकृति दी गई है, जबकि आने वाले समय में पर्यटकों के लिए हट्स सहित अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जंगल और वन्यजीव क्षेत्रों को पर्यटन से जोड़ते हुए स्थानीय लोगों और किसानों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दिया जा रहा है। विशेष रूप से किसानों की फसलों को वन्यजीवों से होने वाले नुकसान की स्थिति में मुआवजा प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। विभाग की योजना है कि जम्मू क्षेत्र में प्राकृतिक स्थलों को विकसित कर फॉरेस्ट टूरिज्म और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाए। इसके तहत पर्यटकों के ठहरने के लिए हट्स तथा अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है।