फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोलन: लिखित आश्वासन मिला तो दशहरे पर निकालेंगे सिर्फ शोभायात्रा, शहर में नहीं होगी रामलीला

शहर में इस बार रामलीला का मंचन नहीं होगा। पिछले करीब 45 वर्षों से सोलन में रामलीला का आयोजन कर रहे जगदंबा रामलीला मंडल ने पक्का मंच उपलब्ध न होने के चलते इस बार रामलीला नहीं करने का निर्णय लिया है। रामलीला मंडल का आरोप है कि नगर निगम की ओर से लंबे समय से पक्का मंच बनाने को लेकर केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि कई बार निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के बावजूद उनकी मांग पूरी नहीं हुई। जगदंबा रामलीला मंडल के संस्थापक सदस्य एवं निर्देशक हरीश मारवाह ने कहा कि शहर में रामलीला के मंचन के लिए पक्के मंच की मांग लंबे समय से की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पिछली मेयर से भी मुलाकात की गई थी और इस बार नई मेयर के समक्ष भी मामला रखा गया। इसके बावजूद अभी तक पक्का मंच उपलब्ध नहीं हो पाया है। मारवाह के अनुसार मंडल की ओर से करीब 10 बार मुलाकात की जा चुकी है, लेकिन हर बार मंच बनाने का आश्वासन ही मिला। हरीश मारवाह ने कहा कि इस बार रामलीला का मंचन नहीं किया जाएगा। हालांकि, अगर नगर निगम की ओर से उन्हें पक्का मंच बनाने का लिखित आश्वासन दिया जाता है तो जगदंबा रामलीला मंडल दशहरे के दिन सिर्फ शोभायात्रा निकालेगा। उन्होंने कहा कि मंडल काफी समय से पक्के मंच की मांग कर रहा है। उनका आरोप है कि इस बार मंच के मुद्दे का राजनीतिकरण किया जा रहा है। इस दौरान रामलीला मंडल के संरक्षक मुकेश गुप्ता, अध्यक्ष धर्मेंद्र ठाकुर, महासचिव सुमित खन्ना सहित रामलीला मंडल के कलाकार मौजूद रहे। सोलन शहर में चार दशक से अधिक समय से चली आ रही रामलीला के इस बार मंचन नहीं होने के फैसले से रामलीला प्रेमियों में भी निराशा देखने को मिल सकती है। अब निगाहें नगर निगम की ओर हैं कि पक्के मंच को लेकर मंडल को क्या आश्वासन दिया जाता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें