हिमाचल प्रदेश की स्कूल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में जिला सोलन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। जिले की इस उपलब्धि पर खेल शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। जीत की खुशी में जिला शारीरिक शिक्षा अध्यापकों (डीपीई) और शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशकों (पीटीआई) ने शहर के मालरोड पर ट्रॉफियों के साथ विजय रैली निकाली। रैली के दौरान बैंड-बाजे की धुन पर खेल शिक्षक खुशी से झूमते नजर आए। सभी डीपीई और पीटीआई ट्रॉफियां लेकर नाचते-गाते हुए उपनिदेशक कार्यालय पहुंचे। यहां प्रतियोगिताओं में हासिल की गई ट्रॉफियां जमा करवाई जाएंगी। स्कूल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में सोलन जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन किया। जिले ने कई प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह रही कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी सोलन जिले का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा और जिला पहले स्थान पर रहा। इस उपलब्धि को लेकर शिक्षा और खेल विभाग से जुड़े शिक्षकों में खुशी का माहौल है। प्रदेशभर में अव्वल रहने की उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए डीपीई और पीटीआई ने मालरोड पर सामूहिक रैली निकाली। बैंड-बाजे के साथ निकली इस रैली में खेल शिक्षकों ने अपनी खुशी जाहिर की। सभी ट्रॉफियों को उपनिदेशक कार्यालय में जमा करवाया जाएगा। जिले की इस सफलता को स्कूली खेल गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।