फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोलन: परवाणू टोल पर एक किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम, वीकेंड पर हिमाचल जाने वालों की बढ़ी परेशानी

वीकेंड पर हिमाचल घूमने के लिए निकले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परवाणू में यातायात जाम से जूझना पड़ा। परवाणू-शिमला एनएच-5 पर रविवार को वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया। इसका सबसे ज्यादा असर परवाणू टोल प्लाजा के आसपास देखने को मिला, जहां चंडीगढ़ से शिमला की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। टोल प्लाजा पर वाहनों की रफ्तार धीमी होने के कारण जाम करीब एक किलोमीटर से अधिक लंबा हो गया। काफी देर तक वाहन कतार में खड़े रहे। इससे शिमला, सोलन और कसौली की ओर जाने वाले पर्यटकों के साथ स्थानीय वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। परवाणू के साथ सनवारा टोल प्लाजा पर भी वाहनों का दबाव बढ़ा रहा। यहां भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। वीकेंड पर चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला, सोलन और कसौली का रुख करते हैं। हिमाचल का प्रवेश द्वार होने के कारण परवाणू में सामान्य दिनों की तुलना में शनिवार और रविवार को वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि वीकेंड पर वाहनों की संख्या बढ़ने की जानकारी पहले से रहती है। ऐसे में टोल प्लाजा पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और पर्याप्त लेन की व्यवस्था पहले से की जानी चाहिए। लोगों का कहना है कि यदि टोल प्लाजा पर वाहनों की निकासी तेज करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जाए तो जाम की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इससे हिमाचल आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक इंतजार से राहत मिलेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें