फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: हरिपुरधार बाजार का कूड़ा कुफर कैन्थू पंचायत में फेंकने पर ग्रामीण भड़के

हरिपुरधार बाजार का कूड़ा कुफर कैन्थू पंचायत क्षेत्र में खुले में फेंके जाने को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। भवाई और कुफर कैन्थू पंचायत क्षेत्र के दर्जनों महिला-पुरुष सोमवार को हरिपुरधार बाजार पहुंचे और व्यापारियों के समक्ष समस्या उठाई। विरोध जताते हुए ग्रामीणों ने मौके पर खुले में पड़ा कूड़ा एकत्र कर वहां से हटाया और उसे आग के हवाले कर दिया। इसके बाद खुले में कूड़ा डाले जाने के विरोध में नारेबाजी कर रोष जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि हरिपुरधार बाजार से निकलने वाले कूड़े का उचित स्थान पर निस्तारण करने के बजाय उसे कुफर कैन्थू पंचायत क्षेत्र में खुले में डाला जा रहा है। इससे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बरसात के दौरान कूड़े से निकलने वाला गंदा पानी आसपास के जलस्रोतों तक पहुंच रहा है। इससे पेयजल स्रोतों, पशुधन और पर्यावरण पर प्रतिकूल असर पड़ने का खतरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पंचायत क्षेत्र में पहले से डाले गए कूड़े को तत्काल हटवाया जाए और भविष्य में यहां कूड़ा डालने पर रोक लगाई जाए। साथ ही हरिपुरधार बाजार के कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और संबंधित पंचायतों व व्यापारियों के साथ समन्वय कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छता के साथ प्राकृतिक जलस्रोतों की सुरक्षा भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।इस दौरान कुफर कैथू पंचायत की प्रधान रक्षा देवी, उपप्रधान भवाई पंचायत प्रवीण ठाकुर, पूर्व प्रधान विप्तानंद, पूर्व उपप्रधान विजय किशन, फॉरेस्ट गार्ड नारायण सिंह, पटवारी संतराम शर्मा, कानूनगो मनोज शर्मा सहित रुक्मी देवी, आशा देवी, सुमोटी देवी, बिमला देवी, द्वारिका देवी, कौशल्या देवी, पूनम, नीलम, मीरा, कमला देवी, दिनेश, वंशी राम और हरिचंद सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें