उपमंडल संगड़ाह की ग्राम पंचायत लाना चेता के गांव देवना से लापता हुई बच्ची आर्या का बुधवार को चौथे दिन भी सुराग नहीं लग पाया। जबकि उसके घर के साथ लगती खड्ड के शुरू से लेकर अंतिम तौर तक करीब 12 किमी तक एनडीआरएफ, पुलिस व ग्रमीणों ने मिलकर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन बुधवार दोपहर तक भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया और टीम वहां से वापिस रेणुका लौट आई। जानकारी के मुताबिक पांच वर्षीय आर्या पुत्री विपिन कुमार बीते रविवार शाम करीब 4:00 बजे घर के आंगन से लापता हो गई थी। परिजनों के साथ गांव के लोग उसी दिन से लगातार साथ लगते जंगल व खड्ड में उसकी तलाश में जुटे रहे। ग्रामीणों के साथ मंगलवार से पुलिस व एनडीआरएफ की टीम ने भी सर्च ऑपरेशनचला कर समूचे क्षेत्र को खंगाला लेकिन बच्ची का सुराग तक नहीं लगा। अब ग्रामीण अपने स्तर पर ही बच्ची के घर के आसपास उसकी तलाश जारी रखेंगे। उधर, गांव के लोग बच्ची के सकुशल होने की कामना कर रहे हैं, जबकि परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।