उपमंडल नाहन के बोहलियों क्षेत्र में पार्क की गई एक गाड़ी अचानक चल पड़ी और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय गाड़ी में कोई व्यक्ति सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, वार्ड सदस्य गड़ा भुड़ी बलबीर सिंह ने अपनी गाड़ी सड़क किनारे पार्क की थी। इसके बाद किसी कारणवश वाहन अचानक चल पड़ा। देखते ही देखते गाड़ी सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। गाड़ी के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे में वाहन को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटना के समय गाड़ी में कोई व्यक्ति सवार होता तो नुकसान और गंभीर हो सकता था। फिलहाल वाहन के अचानक चल पड़ने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद लोगों ने वाहन पार्क करते समय हैंडब्रेक लगाने, गियर लॉक करने और ढलान वाले स्थानों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत पर जोर दिया।