दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आस्था स्पेशल स्कूल नाहन में आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में दिवाली के अवसर पर घरों को सजाने और त्योहार में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न उपयोगी वस्तुएं बिक्री के लिए रखी गई हैं। खास बात यह है कि इन सभी वस्तुओं को स्कूल के विशेष बच्चों ने डीएड प्रशिक्षुओं की मदद से तैयार किया है। शिक्षिका मोमिना के नेतृत्व में तैयार की गई इस आकर्षक सामग्री को अब ग्राहकों का इंतजार है। बुधवार को कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार की गई कलात्मक वस्तुओं को देखा और उनकी प्रतिभा की सराहना की। इस अवसर पर डीएड कॉलेज की प्रधानाचार्य रूचि कोटिया, सह-समन्वयक कर्म सिंह और आस्था स्पेशल स्कूल की प्रधानाचार्य संतोष कुमारी ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस दिवाली आस्था स्कूल पहुंचकर दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार की गई सामग्री खरीदें। प्रधानाचार्य रूचि कोटिया और संतोष कुमारी ने बताया कि प्रदर्शनी में दिवाली पर घरों में इस्तेमाल होने वाली कई तरह की सजावटी और उपयोगी वस्तुएं उपलब्ध हैं। इनमें विभिन्न डिजाइनों की मोमबत्तियां, आकर्षक पेंटिंग्स, दीवारों पर लटकाने वाली सजावटी वस्तुएं, मोम के दीये, फ्लावर पॉट्स, टी कोस्टर, गुलदस्ते और दिवाली गिफ्ट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन वस्तुओं को बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और मेहनत से तैयार किया है। प्रदर्शनी से होने वाली पूरी आय दिव्यांग बच्चों पर ही खर्च की जाएगी। स्कूल प्रबंधन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस दिवाली बाजार से सामान्य सजावटी सामान खरीदने के साथ आस्था स्पेशल स्कूल में भी जरूर पहुंचें। यहां से बच्चों द्वारा बनाई गई वस्तुएं खरीदकर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन दिया जा सकता है। इससे बच्चों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।