भड़ावली पंचायत को नशामुक्त बनाने के लिए पंचायत, पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से प्रयास तेज कर दिए हैं। रविवार को आयोजित नशा निवारण समिति की बैठक में नशे पर अंकुश लगाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। इसके तहत पंचायत क्षेत्र के नौ संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ रामपुर अंकुश कुमार ने की। बैठक में महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, पुलिस कर्मचारियों और ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्र में नशे की रोकथाम, युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे के अवैध कारोबार पर निगरानी बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। बीडीओ अंकुश कुमार ने महिलाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके खिलाफ सामूहिक रूप से आगे आने का आह्वान किया। पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस कर्मचारियों ने भी लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक और पारिवारिक नुकसान के प्रति जागरूक किया। पंचायत प्रधान कृष्ण गोपाल ने बताया कि बैठक में राजपुरा, राजपुरा पुल और दलोटनाला में एक-एक सीसीटीवी कैमरा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, नोगली में दो कैमरे लगाए जाएंगे। नोगली चौक पर फ्लड लाइट के साथ सीसीटीवी कैमरा स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा मतरेवल, कुमसू, कमलाऊ और करेरी में भी कैमरे लगाए जाएंगे। पंचायत प्रधान ने कहा कि पंचायत को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ने से नशे से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। भड़ावली पंचायत के बाद कुमसू गांव में भी नशा निवारण को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया। बैठक में जोर दिया गया कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए परिवारों, महिला मंडलों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भागीदारी जरूरी है। पंचायत और प्रशासन ने लोगों से नशे की रोकथाम के लिए जागरूक रहने और सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने की अपील की, ताकि क्षेत्र के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।