हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता के दम पर दोबारा सत्ता में आएगी। यह दावा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान ने सुंदरनगर के धनोटू स्थित विश्राम गृह में आयोजित विभाग की बैठक में किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेश में फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि दलित समाज कांग्रेस के साथ है और कार्यकर्ताओं की मेहनत व एकजुटता पार्टी की ताकत है। नरेश चौहान ने नाचन विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में नाचन से कांग्रेस प्रत्याशी को जीत दिलाकर विधानसभा भेजने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में नाचन विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक के दौरान नाचन विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से आए कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र से जुड़े मुद्दे रखे, जिन पर नरेश चौहान ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं और लोगों की मांगों को प्रदेश सरकार के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा, ताकि उनका समाधान किया जा सके। नरेश चौहान ने कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाते हुए पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचने से उनके आर्थिक उत्थान में मदद मिलेगी। इसके लिए संगठन के कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करना चाहिए। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी चुनाव की तैयारियों, क्षेत्रीय विकास और सरकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।