राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरी बंगलो में आयोजित सात दिवसीय आवासीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर गुरुवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह में राजकीय महाविद्यालय करसोग अधीक्षक मदन वर्मा मुख्य अतिथि जबकि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य पीतांबर लाल और एसएमसी प्रधान यशपाल ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य डोलमा शर्मा ने की। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवी पायल ने सात दिवसीय कैंप की रिपोर्ट मुख्यअतिथि के समक्ष प्रस्तुत की। कार्यक्रम अधिकारी शकुंतला सैनी ने बताया कि शिविर के दौरान ड्रिल, श्रमदान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत केरल राज्य का पारंपरिक नृत्य कैंप में विशेष आकर्षण रहा। शिविर में प्रोजेक्ट वर्क के तहत स्कूल कैंपस सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों को सम्मानित भी किया गया। ड्रिल में प्रेम कुमार और समीक्षा, प्रोजेक्ट कार्य में सनी कपूर और स्नेहा शर्मा, मैस कार्य में भूपेंद्र कुमार, तरुण ठाकुर और राजीव कुमार, जबकि सांस्कृतिक गतिविधियों में स्नेहा वर्मा, पल्लवी, अंकिता और अमन को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त अनुशासन श्रेणी में काव्यांश वर्मा और पायल को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी घोषित किया गया। शिविर में एएनओ ओम प्रकाश एवं स्वयंसेवी नवीन कुमार ने स्वयंसेवियों को ड्रिल प्रशिक्षण प्रदान किया।