डीएवी पब्लिक स्कूल भड़ोली में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय डीएवी स्पोर्ट्स टूर्नामेंट का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। टेबल टेनिस और शतरंज प्रतियोगिताओं में प्रदेश के विभिन्न क्लस्टरों से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में ज्वालामुखी के डीएसपी एचपीएस संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रधानाचार्य अशोक कुमार गुलेरिया ने जानकारी देते हुए बताया टेबल टेनिस की व्यक्तिगत स्पर्धा में अंडर-14 लड़कियों में क्लस्टर-1 न्यू शिमला की वैदेही विजेता और क्लस्टर-8 सोलन की प्रतीक्षा उपविजेता रहीं। लड़कों में कुल्लू के आरव शर्मा ने पहला तथा न्यू शिमला के सार्थक ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 लड़कियों में न्यू शिमला की तन्वी और पालमपुर की मेघा क्रमश: विजेता व उपविजेता रहीं। लड़कों में न्यू शिमला के तन्मय ने पहला और दत्तनगर के शहरोज ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-19 में सोलन की इनायत और न्यू शिमला की रुद्राक्षी ने लड़कियों में पहला और दूसरा स्थान पाया, जबकि लड़कों में न्यू शिमला के नव्यांश विजेता और पालमपुर के नमन उपविजेता रहे। टीम स्पर्धाओं में अंडर-14 लड़कियों में पालमपुर विजेता और न्यू शिमला उपविजेता रहा। लड़कों में न्यू शिमला प्रथम और कुल्लू द्वितीय रहा। अंडर-17 लड़कियों में न्यू शिमला प्रथम और पालमपुर द्वितीय रहा। अंडर-19 लड़कियों में सोलन विजेता और न्यू शिमला उपविजेता रहा, जबकि लड़कों में न्यू शिमला ने पहला स्थान हासिल किया। शतरंज में अंडर-14 लड़कियों में क्लस्टर-5 विजेता और क्लस्टर-2 उपविजेता रहा। अंडर-17 में अंबोटा की क्लस्टर-7 टीम ने लड़कियों का खिताब जीता, जबकि न्यू शिमला दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 लड़कियों और लड़कों दोनों वर्गों में पालमपुर विजेता तथा न्यू शिमला उपविजेता रहा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल व ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने वाले खेल अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। डीएवी भड़ोली के प्रधानाचार्य अशोक कुमार गुलेरिया ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए खेल भावना, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।