राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में 23 अक्तूबर को होने वाले 17वें दीक्षांत समारोह में 1265 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इस दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 62 पदकों से सम्मानित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों और संस्थान की उपलब्धियों को लेकर निदेशक प्रोफेसर एचएम सूर्यवंशी और रजिस्ट्रार डॉ. अर्चना नानोटी ने प्रेसवार्ता में जानकारी साझा की। निदेशक और रजिस्ट्रार ने बताया कि समारोह में 859 स्नातक, 380 स्नातकोत्तर, 26 पीएचडी डिग्रियां और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत एक डिप्लोमा प्रदान किया जाएगा। मेधावी विद्यार्थियों को एक निदेशक पदक, 35 स्वर्ण, 12 रजत और 14 कांस्य पदक दिए जाएंगे। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने कहा कि संस्थान ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्लेसमेंट के क्षेत्र में भी उपलब्धि दर्ज की। कुल प्लेसमेंट दर 94.37 प्रतिशत रही और विद्यार्थियों को औसतन 12 लाख रुपये सालाना पैकेज मिला। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग के ड्यूल डिग्री कार्यक्रम के एक विद्यार्थी को टेस्ला ने 3.40 करोड़ रुपये का वार्षिक पैकेज दिया। वहीं, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग के एक विद्यार्थी को लिंक्डइन से एक करोड़ रुपये का पैकेज मिला। इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और मैटेरियल्स साइंस इंजीनियरिंग विभागों में शत-प्रतिशत प्लेसमेंट रहा।