आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से आयुष्मान नशा मुक्ति केंद्र हमीरपुर में दाखिल प्रतिभागियों के लिए निशुल्क योग, ध्यान, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया का अभ्यास करवाया गया। कार्यक्रम में करीब दो दर्जन प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और चिंता से निपटने में योग एवं ध्यान की भूमिका के बारे में बताया गया। साथ ही उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षक जोगिंदर ठाकुर ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग और ध्यान अभ्यास करवाए। उन्होंने नियमित रूप से योग, ध्यान और प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित करना रहा। वहीं, हटली गांव में आयोजित आर्ट ऑफ लिविंग के चार दिवसीय हैप्पीनेस कार्यक्रम का समापन रविवार को हुआ। शिविर में एक दर्जन से अधिक लोगों ने भाग लेकर योग, ध्यान, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया का प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को नियमित अभ्यास के महत्व से अवगत करवाया गया और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।