राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोह टिकरी के सिक्योरिटी विषय के 15 विद्यार्थियों ने अग्निशमन केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा, आग से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। भ्रमण का नेतृत्व अध्यापक हेमंत कुमार ने किया। अग्निशमन केंद्र में विद्यार्थियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना चाहिए। ऐसी परिस्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देना जरूरी है। विद्यार्थियों को आग लगने के संभावित कारणों, आग पर काबू पाने के तरीकों और बचाव कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली से अवगत करवाया गया। उन्हें आग बुझाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों, अग्निशमन वाहनों और सुरक्षा से जुड़े संसाधनों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि आग लगने पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचना, धुएं से बचना और आसपास मौजूद लोगों को सतर्क करना बेहद जरूरी है। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य सिक्योरिटी विषय से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना और विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के प्रति जागरूक करना था। ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिलता है। इससे वे अग्नि सुरक्षा के महत्व और बचाव के उपायों को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं।