भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला चंबा की ओर से जिलाध्यक्ष कांता ठाकुर की अध्यक्षता में शक्ति हुंकार आंदोलन आयोजित किया गया। इस दौरान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की 11 छात्राओं से कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर विरोध जताया गया। प्रदर्शनकारियों ने मणिपुर के सांसद प्रोफेसर आंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें कांग्रेस पार्टी से निष्कासित करने की मांग उठाई। आंदोलन के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी के पुतले भी जलाए गए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज नरियाल, आंदोलन के जिला प्रभारी एवं डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर, भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज, चंबा विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2022 की भाजपा प्रत्याशी नीलम नैयर और पूर्व विधायक पवन नैयर सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा के सभी महामंत्री, मंडल अध्यक्ष और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भी आंदोलन में भाग लिया। भाजपा महिला मोर्चा ने आंदोलन के माध्यम से संबंधित मामले में कार्रवाई करने और कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने मामले को लेकर अपना विरोध दर्ज करवाया।