चंबा शहर में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से भूरी सिंह पावर हाउस के स्विच यार्ड में निर्धारित शटडाउन के दौरान आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य किया गया। इस दौरान बिजली बोर्ड की तकनीकी टीम ने स्विच यार्ड में लगे उपकरणों की जांच की और बिजली आपूर्ति से जुड़े जरूरी तकनीकी कार्यों को पूरा किया। विभाग के कर्मचारियों ने पूरी सतर्कता के साथ रखरखाव कार्य को अंजाम दिया, ताकि भविष्य में विद्युत आपूर्ति में किसी तरह की बाधा न आए। मौके पर सहायक अभियंता तेजू राम, अजय कुमार, कनिष्ठ अभियंता विनीत ठाकुर, अनिल कुमार सहित स्विच यार्ड में तैनात कर्मचारी मौजूद रहे। सभी कर्मचारियों ने निर्धारित समय के दौरान कार्य को पूरा करने में अहम भूमिका निभाई। विद्युत विभाग का कहना है कि समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे रखरखाव कार्यों से बिजली व्यवस्था अधिक सुरक्षित और मजबूत होती है। नियमित जांच और तकनीकी सुधार से उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध करवाने में मदद मिलती है।