भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों और विद्युत परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों की लंबित वित्तीय सहायता का मामला सामने आया है। विधायक डॉ. जनक राज ने सोमवार को एडीएम अमित मेहरा को ज्ञापन सौंपकर पात्र लाभार्थियों की बकाया मासिक राशि जल्द जारी करने की मांग की। विधायक ने ज्ञापन में कहा कि क्षेत्र के कई पात्र परियोजना प्रभावित परिवारों और व्यक्तियों को लोकल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (एलएडीए) के तहत मिलने वाली मासिक सहायता समय पर नहीं मिल रही है। इसके चलते प्रभावित लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. जनक राज ने कहा कि परियोजनाओं से प्रभावित लोगों को नियमानुसार मिलने वाली वित्तीय सहायता समय पर उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से लंबित भुगतान के मामले को गंभीरता से लेने और राशि जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को उनकी देय राशि जल्द मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। लंबित एलएडीए सहायता राशि के भुगतान की मांग को लेकर चंबा स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन भी किया गया। प्रदर्शन के दौरान परियोजना प्रभावित परिवारों को राहत देने और उनकी बकाया वित्तीय सहायता का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। प्रभावितों की मांग है कि लंबित भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि पात्र परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।