श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र में बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, पेयजल संकट, बिजली कट और बस रूट से जुड़ी समस्याओं को लेकर विधायक रणधीर शर्मा ने उपायुक्त से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मांगपत्र सौंपा। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी को आने वाले समय में सशक्त आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि बरसात के कारण विधानसभा क्षेत्र में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाली सड़कों के साथ पंचायतों के अधीन सड़कें भी शामिल हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की। इसके साथ ही पंचायती राज संस्थाओं और पंचायत प्रधानों को भी सड़कों की मरम्मत के लिए तुरंत धनराशि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण कई स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा फोरलेन और रेलवे निर्माण कार्य के दौरान भी निर्माण कंपनियों की लापरवाही से पाइपलाइन टूटने के मामले सामने आ रहे हैं। कई स्थानों पर पाइपलाइन टूटने के बाद समय पर मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। रणधीर शर्मा ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ फोरलेन और रेलवे निर्माण में लगी कंपनियों को सख्त निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन टूटने की स्थिति में उसे तुरंत जोड़ा जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक पेयजल समस्या से न जूझना पड़े और पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल हो सके। विधायक ने क्षेत्र में बिजली कट और बस रूट से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने संबंधित विभागों से लोगों को राहत देने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की।