साइबर ठग अब एपीके फाइल के जरिये लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। बरमाणा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इसमें ठगों ने एपीके फाइल का इस्तेमाल कर उसके बैंक खाते से पूरी रकम निकाल ली। पुलिस की जांच में ठगी के इस मामले में एपीके फाइल के जरिये मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल करने की बात सामने आई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि साइबर ठगी के इस मामले में आरोपी ने पीड़ित को एपीके फाइल भेजकर उसे निशाना बनाया। फाइल इंस्टॉल होने के बाद मोबाइल डिवाइस तक दूर से पहुंच बनाई गई और इसके माध्यम से बैंक खाते से रकम निकाल ली गई। उन्होंने लोगों को आगाह किया है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की ओर से भेजी गई एपीके फाइल को अपने मोबाइल में इंस्टॉल न करें। ऐसी फाइलों के माध्यम से साइबर अपराधी मोबाइल में मालवेयर डाल सकते हैं और डिवाइस का रिमोट एक्सेस हासिल कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने की अपील की है। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो उसे बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।