भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन परियोजना के निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर उपायुक्त राहुल कुमार ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। शुक्रवार को उन्होंने एसडीएम सदर राजकुमार और रेलवे विकास निगम लिमिटेड के अधिकारियों के साथ भराड़ी टनल नंबर-16 के समीप निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने कहा कि जगतखाना से बिलासपुर तक टनल, पुलों और अन्य निर्माण कार्यों की गति धीमी है। इन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने भूमि अधिग्रहण के लंबित मामलों को जल्द निपटाने और स्थानीय लोगों की सड़क, रास्ते व पानी से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने टनल निर्माण के कारण बंद फोरलेन से जबली को जोड़ने वाली सड़क को भी जल्द बहाल करने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।