झंडूता उपमंडल के बरठीं क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलोह में संगास्वी से सिद्ध मंदिर संगास्वी तक जाने वाली सड़क की खराब हालत को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत के समक्ष समस्या उठाई है। कर्म चंद की अध्यक्षता में ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान, सचिव और उप प्रधान को ज्ञापन सौंपकर सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क कई स्थानों पर खराब हो चुकी है। बरसात के दौरान स्थिति और अधिक खराब होने से लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने सड़क की समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की है। कर्म चंद ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले मुख्य सड़क मार्ग से सिद्ध मंदिर संगास्वी तक सड़क निर्माण के लिए सरकार की ओर से अनुदान राशि मिलने की जानकारी मिली थी, लेकिन अभी तक सड़क का काम शुरू नहीं हो पाया है। पंचायत सचिव ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि ज्ञापन को आगामी कार्रवाई के लिए विकास खंड कार्यालय भेजा जाएगा।