बिलासपुर जिले में रविवार को सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का शुभारंभ क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर से किया गया। उपायुक्त राहुल कुमार ने बच्चों को पोलियो रोधी बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की और अभिभावकों से सभी पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की। 26,901 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के 26,901 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जिलेभर में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। 273 बूथ और 534 टीमें तैनात अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 273 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों पर 534 टीमें तैनात हैं, जो बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रही हैं। ट्रांजिट प्वाइंट पर भी विशेष व्यवस्था घागस पुल, घुमारवीं बस अड्डा, श्री नयना देवी जी रोप-वे, श्री नयना देवी जी बस अड्डा और ग्वालथाई पुलिस बैरियर सहित प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट पर भी विशेष पोलियो बूथ बनाए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे। घर-घर जाकर भी पिलाई जाएगी दवा स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जो बच्चे रविवार को किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। कई विभाग मिलकर चला रहे अभियान अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अभिभावकों से सहयोग की अपील उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक दवा पहुंचाना और जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।