श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 6 अक्तूबर को प्रस्तावित बिलासपुर दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को बिलासपुर और रोपड़ जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आनंदपुर साहिब स्थित हेलीपैड का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। अधिकारियों ने हेलीपैड परिसर का निरीक्षण कर राष्ट्रपति दौरे से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आवागमन, बैरिकेडिंग, संचार व्यवस्था समेत अन्य प्रबंधों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की गई। दोनों जिलों के प्रशासन ने आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने पर जोर दिया। इसके बाद बिलासपुर प्रशासन और पुलिस की टीम ने टोबा से श्री नयना देवी जी मंदिर तक विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। टीम ने सड़क मार्ग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के साथ साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अपने दायित्वों के तहत जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।