त्योहारी सीजन के मद्देनजर बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने बिलासपुर शहर में मिठाइयों की दुकानों का निरीक्षण कर सात अलग-अलग मिठाइयों के सैंपल भरे हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी खगेंद्र की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के नमूने एकत्रित किए गए। विभाग की टीम ने ड्राई फ्रूट पंजीरी लड्डू, सोन पापड़ी, ड्राई फ्रूट बेसन लड्डू, पतीसा, रसगुल्ला, गुलाब जामुन और चमचम का एक-एक सैंपल लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से एकत्रित किए गए सभी सात नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। लैब रिपोर्ट आने के बाद मिठाइयों की गुणवत्ता का पता चलेगा। इसके आधार पर विभाग की ओर से नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से त्योहारी सीजन में लगातार सैंपलिंग की जा रही है, ताकि बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखी जा सके। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।