राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में एमकॉम द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों को गलत विषय पढ़ाए जाने के मामले को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। एबीवीपी पदाधिकारियों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण एमकॉम द्वितीय सेमेस्टर के कई छात्रों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका कहना है कि पूरे सत्र के दौरान छात्रों को ऐसा विषय पढ़ाया गया, जो हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप नहीं था। परिषद के अनुसार परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई, जिसके बाद छात्रों को मजबूरी में दूसरा विषय चुनना पड़ा। हालांकि, उस विषय की पढ़ाई पूरे सत्र में नहीं करवाई गई थी, जिससे छात्र असमंजस की स्थिति में हैं। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह केवल तकनीकी गलती नहीं, बल्कि गंभीर प्रशासनिक चूक का मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन छात्रों के हित में अपना आंदोलन और तेज करेगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में छात्रों को न्याय दिलाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग उठाई।