यमुनानगर। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच जिले में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। शिकायत केंद्र में दो दिन के दौरान करीब सात हजार फोन कॉल आए और 5067 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से केवल 605 शिकायतों का निपटारा किया गया, जबकि 4462 शिकायतें लंबित हैं। जिले में 33 केवी की पांच लाइनों के अलावा अर्बन क्षेत्र की 34, जगमग गांव योजना के तहत 28, कृषि क्षेत्र की 66 और औद्योगिक क्षेत्र की नौ बिजली लाइनें बाधित हैं। फीडर स्तर पर शिकायतों के निपटारे की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। व्यासपुर फीडर पर 251 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 131 का समाधान किया गया और 120 लंबित हैं। साढौरा फीडर पर आईं सभी 120 शिकायतें लंबित हैं। छछरौली में 198 में से 196 शिकायतों का निपटारा नहीं हुआ। प्रतापनगर फीडर पर आईं 40 शिकायतों में से किसी का भी समाधान नहीं किया गया। जगाधरी शहर में 1072 शिकायतों में से 832 का निपटारा किया गया, जबकि 240 लंबित हैं। इसके विपरीत सब अर्बन जगाधरी में 1106 शिकायतों में से 1072 लंबित हैं और केवल 34 का समाधान हुआ है। जोड़ियों सब डिविजन के छप्पर क्षेत्र में 94 में से 93 शिकायतें लंबित हैं। जठलाना फीडर पर आईं 42 शिकायतों में से एक का भी निपटारा नहीं हुआ। जोड़ियों में 321 में से 320 शिकायतें लंबित हैं। मुस्तफाबाद फीडर पर 185 में से 184 शिकायतें लंबित हैं, जबकि रादौर फीडर पर आईं 95 शिकायतों का समाधान नहीं हो सका। यमुनानगर के औद्योगिक क्षेत्र में 298 में से 290 शिकायतें लंबित हैं। आईटीआई क्षेत्र में 941 शिकायतों में से 730 लंबित हैं और 211 का निपटारा किया गया। मॉडल टाउन फीडर पर 105 में से 104, जबकि नंबर वन शुगर मिल-हमीदा क्षेत्र में 199 में से 198 शिकायतें लंबित हैं। बिजली आपूर्ति बाधित रहने और शिकायतों के लंबित होने से उपभोक्ताओं को राहत मिलने का इंतजार है।