सोनीपत। महिलाओं के सम्मान और गरिमा से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बीसवां मील चौक पर प्रदर्शन किया। जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष मोनिका दहिया के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस नेतृत्व से महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों पर अपना पक्ष स्पष्ट करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि महिलाओं की गरिमा से जुड़े मामलों में राजनीति के बजाय निष्पक्षता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किसी भी गंभीर मामले में निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग सभी की जिम्मेदारी है। महिलाओं का सम्मान किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मणिपुर से जुड़े कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकॉइजम के मामले को लेकर भी विरोध जताया। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से इस विषय पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दूसरों से सवाल करने वाले राजनीतिक दलों को भी अपने से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही के मानकों पर खरा उतरना चाहिए। इस दौरान हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली, मेयर राजीव जैन, देवेंद्र कौशिक, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, नीरज कुमार, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, सोनिया मोर, बबीता दहिया, किरण बाला, सीमा ग्रोवर भी शामिल हुए।