एसटीएफ करनाल की टीम ने बदमाश दीपक उर्फ भांजा हत्याकांड में शार्प शूटर गांव गुढ़ा के राहुल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। एसटीएफ को राहुल के गोहाना में होने की जानकारी मिली थी। वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। टीम जब उसे काबू करने रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित बड़ौता बाईपास के पास पहुंची तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बचाव में कार्रवाई की और उसके पांव में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। बदमाश को भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले जाया गया। राहुल पानीपत के कुख्यात गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू गैंग से जुड़ा है। कुमासपुर में 27 फरवरी को गांव गुहणा के दीपक उर्फ भांजा की 14 गोलियां मारकर हत्या की थी। मुरथल के मंदीप पर भी जानलेवा हमला किया गया था। इस वारदात में गांव गुढ़ा का राहुल भी आरोपी था। वह वारदात के बाद से पुलिस पकड़ से बाहर चल रहा था। एसटीएफ करनाल की टीम को बुधवार रात को शार्प शूटर राहुल के गोहाना में रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित बड़ौता बाईपास के पास होने का इनपुट मिला। वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।