सोनीपत में कल्याण नगर सेवा समिति व मंदिर श्री ठाकुर द्वारा की महिला संकीर्तन मंडली ने मंदिर परिसर में 14 नवंबर को होने वाले तुलसी-शालिग्राम के विवाह का न्यौता दिया। महिला संकीर्तन मंडली रविवार को विधायक निखिल मदान के निवास पर पहुंची। महिला मंडली ने यहां संकीर्तन कर विधायक निखिल मदान को सपरिवार शालिग्राम की बारात व तुलसी विवाह में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया। महिला संकीर्तन मंडली कल्याण नगर, बत्रा कॉलोनी, ऋषि नगर होते हुए विधायक निखिल मदान के निवास पर पहुंची। यहां संकीर्तन कर प्रभु का गुणगान किया गया। महिलाओं ने यहां भजन गाकर व नाचकर सनातन धर्म का प्रचार किया। ओम नमो भगवते वासुदेवाय के जयकारों ने माहौल को धर्ममय व भक्तिमय बनाया। मंदिर समिति के प्रधान पवन तनेजा ने बताया कि मंदिर समिति की महिला मंडली धर्म के प्रति जागरूक करने के साथ सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का भी आह्वान कर रही हैं।