प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर वीरवार को गोहाना में हवन-पूजन से कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ हवन में आहुति डाली। इसके बाद दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित ‘जीवन-दर्शन प्रदर्शनी’ का अवलोकन किया और आईटीआई में छात्र-छात्राओं के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। गोहाना स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित हवन एवं पूजा-पाठ में डॉ. अर्चना गुप्ता और डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी हवन में आहुति डाली। इसके बाद दोनों नेताओं ने भाजपा कार्यालय में लगाई गई ‘जीवन-दर्शन प्रदर्शनी’ का अवलोकन किया। प्रदर्शनी का संयोजन भाजपा नेता कुलदीप कौशिक ने किया। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े विभिन्न पड़ावों, उनकी सार्वजनिक जीवन की यात्रा तथा केंद्र सरकार की प्रमुख पहलों को चित्रों और अन्य सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। डॉ. अर्चना गुप्ता और डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रदर्शनी में लगाई गई सामग्री का अवलोकन करने के साथ कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया।इसके बाद डॉ. अरविंद शर्मा गोहाना स्थित आईटीआई पहुंचे, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ पौधरोपण किया, इस दौरान विद्यार्थियों को लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा को अपने सार्वजनिक जीवन का मूल मंत्र बनाया है। उनके जन्मदिन से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य भी सेवा की इसी भावना को जनभागीदारी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए प्रदेशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ता समाज के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, जिला मंत्री महेंद्र चिढ़ाना, जितेंद्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र मलिक, जस्सी खुराना, सूरजमल छपरा, नरेंद्र गहलावत, पार्षद संजय सैनी सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, आईटीआई के अधिकारी-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।