जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बुढ़ापा पेंशन काटने के विरोध में शनिवार को लघुसचिवालय के पास प्राचीन हनुमान मंदिर के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। इसका नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने किया। धरना को संबोधित करते हुए सांसद दीपेंद्र ने कहा कि कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन से डरकर भाजपा सरकार ने बुढ़ापा पेंशन काटने का फैसला पलटा और शुक्रवार शाम को ही घोषणा कर दी कि सारी पेंशन दोबारा से शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह हमारे संघर्ष की जीत है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस बुजुर्गों की पेंशन कटने नहीं देगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने 16 फरवरी को पूरे हरियाणा के सभी जिला हेडक्वार्टर्स पर जिले की समस्याओं को लेकर धरना देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में लगभग 14 लाख राशन कार्ड काट दिए। एचपीएससी भर्ती में 80 प्रतिशत नौजवान दूसरे प्रदेशों से आ रहे हैं और हरियाणा के नौजवान खाली बैठे हैं। विधानसभा चुनाव में हरियाणा का हर आदमी कांग्रेस सरकार बनाने का फैसला कर चुका था लेकिन भाजपा ने बेईमानी, वोट चोरी, धनबल का उपयोग करके सत्ता हासिल की है।